GOPALGANJ:गोपालगंज में प्रेम-प्रसंग का एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के पंशाला बंगरा गांव में देर रात एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई और युवक को पकड़ लिया गया।
इसके बाद सुबह गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में युवक-युवती की सहमति ली गई। दोनों की रजामंदी के बाद पास के काली मंदिर में शादी करवा दी गई। मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बंगरा पंचायत के पंशाला बंगरा गांव का है।
बताया जाता है कि मंगलवार की देर रात हेमूछपरा गांव निवासी रूपेश कुमार अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद युवक को पकड़ लिया गया।
मामला बढ़ने के बाद बुधवार की सुबह गांव में पंचायती बुलाई गई। पंचायत में युवक और युवती के परिवारवालों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
पंचायत में दोनों से उनकी सहमति पूछी गई। दोनों की रजामंदी और परिवार की सहमति के बाद ग्रामीणों ने दोनों का विवाह कराने का फैसला लिया। इसके बाद युवक-युवती को पास स्थित काली मंदिर ले जाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी गई।
बताया जाता है कि रूपेश कुमार कृतपुरा बाजार के समीप एनएच - 227 राम-जानकी पथ के पास बाइक गैरेज चलाता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात बंगरा गांव की रहने वाली अमृता कुमारी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच काफी समय से बातचीत और मुलाकात होती थी। मंगलवार की रात भी युवक युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था, लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे देख लिया।
सुबह पंचायत में दोनों पक्षों के अभिभावकों को बुलाया गया। बातचीत और दोनों की सहमति के बाद मंदिर में विवाह कराया गया। पंचायत में सरपंच पति शंभू शर्मा, उपमुखिया पति गुड्डू सिंह, वार्ड सदस्य संजय शाह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। फिलहाल, दोनों की शादी के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट