Bihar Crime News: बिहार के गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना जगरनाथ तोता राम के टोला गांव में देर रात घर के बाहर सो रहे एक युवक के सिर में गोली मार दी गई। इस हमले के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और परिजनों के बीच कोहराम मच गया।
घायल युवक की पहचान जंगबहादुर यादव के पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोष कुमार रोज की तरह अपने घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान देर रात कुछ हमलावर वहां पहुंचे और अचानक उन पर गोली चला दी। गोली सीधे उनके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।
गोली की आवाज सुनते ही घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग बाहर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल संतोष कुमार को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत बेहद नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। मौके पर एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता और मीरगंज थानाध्यक्ष दुर्गानंद मिश्रा पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के तहत इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि घायल के भाई के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना के पीछे जमीनी विवाद ही मुख्य वजह है।
परिजनों ने अपने ही पड़ोस के मदन कुमार यादव, हरिनंद यादव और हरिकेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घायल के भाई का कहना है कि इन लोगों के साथ काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामला अदालत में भी लंबित है और आरोपियों द्वारा पहले से ही जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।
पुलिस के अनुसार, यह हमला पूर्व नियोजित लग रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सके।