GOPALGANJ: संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष मजबूती से रखने के बाद गोपालगंज पहुंचे सांसद और जेडीयू के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सुमन का पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया। सांसद के आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने इसे गोपालगंज और बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया।


दरअसल, संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में डॉ. आलोक कुमार सुमन ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई, भारत की सुरक्षा, निरस्त्रीकरण और विकासशील देशों की चुनौतियों जैसे अहम मुद्दों पर भारत का पक्ष रखा। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे सांसद का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।


इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की आवाज बुलंद करना पूरे देश के लिए गर्व की बात है। सांसद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के हितों को मजबूती से रखकर गोपालगंज का मान बढ़ाया है। यह जिले के लोगों के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय है।


स्वागत से अभिभूत सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार, विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने गोपालगंज के विकास और आम लोगों की सेवा के लिए लगातार काम करते रहने का भरोसा दिलाया।


संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का पक्ष रखने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे सांसद के स्वागत से जेडीयू कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे गोपालगंज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।