Bihar Crime News: बिहार के गोपालगंज में गंडक नहर की पटरी पर करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना कुचायकोट थाना क्षेत्र के डोमन बनजरी गांव के समीप की है. युवक के शरीर पर केवल अंडरवियर था, जबकि घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर नहर के सायफन में कुछ कपड़े और एक अंगोछा मिला है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को सूचना दी है. फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.


घटना सोमवार की अहले सुबह की है. जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीण गंडक नहर की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर नहर की पटरी पर बिजली के खंभे के पास पड़े युवक के शव पर पड़ी. शव देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.


सूचना मिलने के बाद कुचायकोट थानाध्यक्ष दर्पण सुमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और युवक की पहचान कराने का प्रयास किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया गया.


शव से 200 मीटर दूर मिले कपड़े और अंगोछा

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि युवक के शरीर पर अंडरवियर के अलावा कोई दूसरा कपड़ा नहीं था. वहीं, शव मिलने की जगह से करीब 200 मीटर दूर गंडक नहर के सायफन में कुछ कपड़े और एक अंगोछा मिलने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने इन वस्तुओं को भी जब्त कर लिया है.


अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद कपड़े और अंगोछा मृतक के हैं या नहीं. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव नहर की पटरी तक कैसे पहुंचा.


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को सूचना दी है. जानकारी के मुताबिक, गोपालगंज से एफएसएल की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है. टीम मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाएगी, जिससे घटना की जांच में मदद मिल सके.


फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और युवक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है. हत्या की आशंका समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.