Bihar News: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के कीरतपुरा गांव से फूड पॉइजनिंग का एक मामला सामने आया है। फटे दूध से बने एक खाद्य पदार्थ का सेवन करने के बाद एक ही परिवार के 8 बच्चों समेत कुल 10 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कीरतपुरा गांव निवासी अनिल सहनी और रजानती देवी के घर फटे दूध से एक खाद्य पदार्थ तैयार किया गया था, जिसे परिवार के अन्य सदस्यों के बीच भी बांटा गया। इसे खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों और महिलाओं को उल्टी, तेज पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते एक-एक कर कुल 10 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने बिना देर किए सभी मरीजों को गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है। प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए आवश्यक चिकित्सीय जांच कराई जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग भी मामले पर नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बासी, खराब या संदिग्ध खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें तथा भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज