GOPALGANJ :- गोपालगंज के मीरगंज नगर क्षेत्र के महैचा गांव में दाहा नदी से 11 वर्षीय बच्चे का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महैचा गांव निवासी मनोहर साह के पुत्र अंकित साह के रूप में हुई है।
अंकित मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बहन के साथ मेला देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने देर शाम तक उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार को दाहा नदी में बच्चे का शव मिलने की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया। शव की पहचान अंकित के रूप में होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बच्चे की हत्या की आशंका जताई है।
सूचना मिलते ही उचकागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक नमूने जुटाए।
पुलिस के अनुसार, बच्चे के शरीर पर प्रथम दृष्टया ऐसा कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला है, जिससे मौत की वजह की पुष्टि हो सके। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्चे की मौत नदी में डूबने से हुई या किसी अन्य कारण से उसे पानी में डुबोया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस पुराने विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास भी पुलिस ने जानकारी जुटाई है। अंकित दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता विदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। बच्चे की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
REPORT: NAMO NARAYAN MISHRA/GOPALGANJ