Bihar Crime News: गोपालगंज में बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर सनसनी फैला दी. गोली लगने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ के पास की है. घायल व्यक्ति की पहचान कुकुरभूख गांव निवासी शैलेश यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, शैलेश यादव अपने घर खाना खाने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान बंजारी मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी. गोली शैलेश यादव के गर्दन में लगी. फायरिंग के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए.
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने घायल शैलेश यादव को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
घटना के बाद पुलिस जांच में एक अहम बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि शैलेश यादव को पहले भी फोन पर धमकी मिल चुकी थी. गोली लगने से पहले भी उनके मोबाइल पर एक फोन कॉल आया था. ऐसे में पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोलीबारी की घटना का उस फोन कॉल और पहले मिली धमकी से कोई संबंध है या नहीं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शैलेश यादव जेसीबी चलाने का काम करते हैं. पुलिस अब उनके साथ किसी पुराने विवाद या आपसी रंजिश की भी जानकारी जुटा रही है. शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटना की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही बंजारी मोड़ और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाइक सवार दोनों हमलावरों की पहचान करने में जुटी है. वहीं, गोलीबारी के पीछे की वजह और घायल को पहले मिली धमकी के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है.