GOPALGANJ: गोपालगंज जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त की गई करीब 4100 लीटर देशी और विदेशी शराब को नष्ट कराया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।


यह कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेकपोस्ट पर की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर दंडाधिकारी, उत्पाद विभाग और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से जब्त शराब का विनष्टीकरण किया गया।


35 मामलों में जब्त हुई थी शराब

उत्पाद विभाग और पुलिस की ओर से अलग-अलग अभियानों के दौरान शराब जब्त की गई थी। कुल 35 कांडों में जब्त करीब 4100 लीटर देशी और विदेशी शराब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर दंडाधिकारी तथा उत्पाद विभाग और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई।


अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी

गोपालगंज के उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उत्पाद थाना और विभिन्न पुलिस थानों द्वारा जब्त की गई शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि विनष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है।


शराब तस्करों पर होगी सख्त कार्रवाई

गोपालगंज के उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने कहा कि जिले में शराब की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट