Bihar News: बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए गोपालगंज प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. इसी क्रम में पुलिस और उत्पाद विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में जब्त 14 हजार 468 लीटर से अधिक देसी और विदेशी शराब का विनिष्टीकरण कराया.
शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद राज्य में शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि गोपालगंज पुलिस और उत्पाद विभाग भी ऐसे तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं. छापेमारी के दौरान जब्त की गई बड़ी मात्रा में शराब को अब नियमानुसार नष्ट कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, समाहर्ता के आदेश और बिहार उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों के तहत जिले के विभिन्न थानों और उत्पाद विभाग में दर्ज मामलों में जब्त शराब के विनिष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई. इस दौरान पुलिस विभाग से जुड़े 129 मामलों में जब्त 11,694.470 लीटर देसी और विदेशी शराब को नष्ट किया गया.
वहीं उत्पाद विभाग द्वारा दर्ज 50 मामलों में जब्त 2,774.025 लीटर शराब का भी विनिष्टीकरण किया गया. इस तरह पुलिस और उत्पाद विभाग के कुल 179 मामलों में जब्त 14,468.495 लीटर शराब को नियमानुसार पूरी प्रक्रिया के साथ नष्ट किया गया.
शराब के विनिष्टीकरण की प्रक्रिया जिले के दो अलग-अलग स्थानों, बलथरी चेकपोस्ट और सभेय फील्ड में संपन्न कराई गई. पूरी कार्रवाई दंडाधिकारी की निगरानी में हुई ताकि किसी तरह की अनियमितता की संभावना न रहे. इसके साथ ही पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई.
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नष्ट की गई शराब की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है. इतनी बड़ी मात्रा में शराब नष्ट किए जाने से यह साफ है कि पुलिस और उत्पाद विभाग शराब तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं.