GAYAJEE: गया सिविल कोर्ट के पास शनिवार को अधिवक्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि अधिवक्ता कक्ष के निर्माण को लेकर आवंटित जमीन पर काम शुरू कराने के दौरान सिविल लाइन थाना पुलिस की ओर से उन्हें परेशान किया जा रहा है।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारी रविंद्र प्रसाद ने बताया कि अधिवक्ता कक्ष के निर्माण के लिए सरकार की ओर से जमीन और राशि का आवंटन किया गया है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद अधिवक्ताओं ने निर्माण कार्य शुरू कराया।
रविंद्र प्रसाद का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस की ओर से अधिवक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने अधिवक्ताओं के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
समझाने के बाद हटाया गया जाम
पुलिस के कथित हस्तक्षेप के विरोध में अधिवक्ताओं ने गया सिविल कोर्ट के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने के बाद सदर एसडीओ अनिल कुमार रमन और थाना अध्यक्ष शमीम अहमद मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि जिस जमीन और राशि का आवंटन उनके कक्ष के निर्माण के लिए किया गया है, वहां निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य सुचारू रूप से शुरू कराने और पुलिस की ओर से कथित हस्तक्षेप की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।