Bihar News: दिवाली और छठ महापर्व को लेकर गोपालगंज में पटाखों की बिक्री पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। सदर सीओ रजत कुमार बरनवाल और नगर थाना अध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर के नेतृत्व में विशेष टीम ने शहर की विभिन्न पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों के लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री और नियमों के विरुद्ध भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अवैध पटाखा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जांच अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में सदर सीओ और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में पटाखा दुकानों की पड़ताल की। अधिकारियों ने दुकानदारों से बिक्री और भंडारण से संबंधित आवश्यक कागजात मांगे और निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
सदर सीओ ने चेतावनी दी कि बिना वैध लाइसेंस पटाखे बेचने या अवैध रूप से उनका भंडारण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से बिक्री शुरू करने से पहले लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की वैधता सुनिश्चित करने की अपील की। लाइसेंस से संबंधित जानकारी या मार्गदर्शन के लिए दुकानदार अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पटाखों की बिक्री में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए जांच और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज