Bihar Crime News: बिहार के गोपालगंज में इंस्टाग्राम से शुरू हुए प्रेम-प्रसंग में पति की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि पत्नी रितु देवी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति रामपुकार भगत की हत्या की साजिश रची. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, उसका प्रेमी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
मामला भोरे थाना क्षेत्र का है. यहां लखरांव बाग से तिवारी चकिया जाने वाली सड़क पर मंगलवार की शाम नहर के पास झाड़ियों में रामपुकार भगत का शव मिला था. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. इस मामले में मृतक की बहन तारा देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें रितु देवी और अन्य अज्ञात लोगों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था.
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्रेम-प्रसंग
पुलिस की जांच में सामने आया कि रितु की पहचान अपने प्रेमी से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया. इसके बाद प्रेमी ने रितु के करीब रहने और उसके घर तक पहुंच बनाने के लिए पहले उसके पति रामपुकार से दोस्ती कर ली.
रामपुकार को शराब पीने की आदत थी. प्रेमी ने इसी का फायदा उठाया और उसके साथ उठने-बैठने लगा. धीरे-धीरे उसने रामपुकार के घर भी आना-जाना शुरू कर दिया. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दोनों ने मिलकर रामपुकार को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
शराब पिलाने के बहाने सुनसान जगह ले गया प्रेमी
पुलिस के अनुसार, वारदात वाली रात प्रेमी रामपुकार को शराब पिलाने के बहाने लखरांव के एक सुनसान इलाके में ले गया था. वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी. रामपुकार के नशे में होने के बाद प्रेमी ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और शव को नहर के पास झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया.
पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार
पुलिस जांच में रितु देवी की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि रितु को हत्या की जानकारी थी और उसे शव छिपाए जाने वाली जगह के बारे में भी पता था.
बताया जा रहा है कि अगले दिन जब परिजन रामपुकार की तलाश कर रहे थे, तब रितु भी उनके साथ उसी जगह पहुंच गई थी, जहां उसका शव पड़ा हुआ था. फिलहाल पुलिस फरार प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. उससे पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिलने की उम्मीद है.