Bihar Flood News: गोपालगंज के बैकुंठपुर प्रखंड में गंडक नदी का जमींदारी बांध टूटने के बाद बाढ़ का संकट और गहरा गया है. शीतलपुर-पकहा के बीच बांध टूटने से तेजी से फैल रहे बाढ़ के पानी में पकहा गांव की 50 वर्षीय चंपा देवी की डूबने से मौत हो गई. वहीं, बाढ़ के पानी में बहकर आए दो हिरण भी अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए हैं.
जानकारी के अनुसार, गंडक नदी के बढ़े जलस्तर के बीच शीतलपुर और पकहा के बीच जमींदारी बांध टूट गया. बांध टूटते ही आसपास के इलाकों में तेजी से पानी फैलने लगा. इसी दौरान पकहा गांव निवासी कंतलाल की पत्नी चंपा देवी बाढ़ के पानी की चपेट में आ गईं. डूबने से उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैकुंठपुर लाया गया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल गोपालगंज भेज दिया गया.
बांध टूटने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए बांध पर शरण लिए हुए हैं. प्रभावित इलाकों में पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. कई परिवारों के सामने खाने-पीने की समस्या भी खड़ी हो गई है. छोटे बच्चे भी बाढ़ के बीच परेशान हैं.
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है. टीम प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी है. प्रशासन की ओर से भी राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है.
स्थिति का जायजा लेने के लिए डीएम और एसपी समेत जिले के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. बैकुंठपुर के बीडीओ और सीओ भी प्रभावित इलाकों में मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं.
बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल जानने के लिए बैकुंठपुर के पूर्व विधायक प्रेम शंकर यादव, विधायक मनजीत कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे.
इधर, बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए दो हिरण भी बरामद किए गए हैं. एक हिरण उसरी गांव से, जबकि दूसरा डुमरिया रिवर फ्रंट से बरामद हुआ है. दोनों हिरणों को सुरक्षित करने की कार्रवाई की जा रही है.