Bihar Crime News: गोपालगंज के बैकुंठपुर में बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. गैस सिलेंडर हटाने को लेकर बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद बड़े भी आपस में भिड़ गए. दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए. इनमें गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई.


घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के रेवतीथ गढ़ गांव की है. मृतक की पहचान शशि भूषण साह के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई.


बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर को एक जगह से दूसरी जगह हटाने को लेकर बच्चों के बीच विवाद हुआ था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बड़े लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई.


इस घटना में एक पक्ष से सीमा देवी और उनके 15 वर्षीय बेटे अर्जुन कुमार घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से शशि भूषण साह और उनकी पत्नी मालती देवी को चोटें आईं. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया.


शशि भूषण साह की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. इसके बाद परिजन शव लेकर वापस लौटे.


मृतक की बेटी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुई थी. गैस सिलेंडर हटाने की बात को लेकर बच्चों में कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला बड़ों तक पहुंच गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई.


परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान लाठी-डंडे और तलवार से हमला किया गया, जिससे शशि भूषण साह गंभीर रूप से घायल हो गए. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.


घटना के बाद बैकुंठपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस मारपीट के कारणों के साथ-साथ दोनों पक्षों की भूमिका और लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है.