GAYAJEE: पितृपक्ष महासंगम 2026 को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को गयाजी में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। विष्णुपद मंदिर परिसर से निकली स्वच्छता रैली में जिला पदाधिकारी शशांक शुभांकर, मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार समेत जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों ने खुद सड़क पर उतरकर झाड़ू लगाई और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
रैली को जिला पदाधिकारी, मेयर, नगर आयुक्त और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें वार्ड पार्षदों के अलावा पंडा समाज के प्रतिनिधि अमरनाथ धोकड़ी, मणिलाल बारीक तथा नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए।
पितृपक्ष मेला क्षेत्र में नो प्लास्टिक जोन
स्वच्छता रैली के दौरान जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों ने स्वयं सफाई कर लोगों से पितृपक्ष के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। लोगों से कहा गया कि मेला क्षेत्र में कचरा सड़क या खुले स्थान पर न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें।
नगर निगम ने पूरे पितृपक्ष मेला क्षेत्र को नो प्लास्टिक जोन घोषित किया है। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में नशे के सेवन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
स्वच्छता सिर्फ नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं: मेयर
मेयर गणेश पासवान ने कहा कि पितृपक्ष महासंगम गयाजी की पहचान और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें आम नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और नगर निगम की सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
जनभागीदारी से सफल होगा स्वच्छता अभियान
सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि पितृपक्ष महासंगम में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं। ऐसे में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी, नगर निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मी खुद सड़क पर उतरकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। जनभागीदारी के जरिए ही स्वच्छता अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सकता है।
गया जी से नितम राज की रिपोर्ट