GAYAJEE: हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार में शराबबंदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या बिहार में सम्राट चौधरी शराब चालू करेंगे? मीडिया के इस सवाल पर जीतन राम मांझी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बहुत समझदार आदमी हैं, और वे सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए ही कोई निर्णय लेंगे। 


जीतन राम मांझी ने विश्वास जताया कि शराबबंदी को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऐसा फैसला लेंगे, जिससे न जनहानि होगा, न धन की हानि होगी और न ही किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।वहीं, पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव को लेकर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। मांझी ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों के रुख से जनता में नाराजगी है, खासकर महिलाओं में असंतोष देखा जा रहा है।


 उनका मानना है कि इसका सीधा फायदा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मिल सकता है और इस बार पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति में बड़ा बदलाव संभव है। वही महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मांझी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने बच्चियों को साइकिल योजना, पोशाक योजना और आरक्षण जैसे कदमों से राज्य में महिलाओं की स्थिति को मजबूत किया। इन योजनाओं से महिलाओं का सरकार पर विश्वास बढ़ा है और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ रही हैं।

गया से नितम राज की रिपोर्ट