GAYAJEE: हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने गया जी स्थित विश्वप्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर परिसर के समग्र विकास तथा सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना से संबंधित प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किए जाने का स्वागत करते हुए इसे गया और बिहार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
उन्होंने कहा कि गया जी के सांसद, हम (से.) के संरक्षक एवं भारत सरकार के माननीय केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी जी के अथक प्रयासों से विष्णुपद धाम को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल हुई है। विष्णुपद मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए ₹2,520 करोड़ तथा सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना के लिए ₹996.05 करोड़, अर्थात कुल ₹3,516.05 करोड़ की अनुमानित राशि से संबंधित प्रस्ताव मंत्रिपरिषद की स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किया गया है।
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि विष्णुपद धाम केवल गया ही नहीं, बल्कि सनातन आस्था और भारतीय सभ्यता की विश्वस्तरीय पहचान है। इस परियोजना के साकार होने से गया जी की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को नई भव्यता मिलेगी और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही पर्यटन, रोजगार, स्थानीय व्यापार, सिंचाई तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी व्यापक गति मिलेगी। सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना गया जी के जल प्रबंधन और कृषि क्षेत्र के लिए भी दूरगामी दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ तीर्थस्थलों के आधुनिक विकास का जो कार्य हो रहा है, गया जी का विष्णुपद धाम भी उसी विकास यात्रा का गौरवपूर्ण हिस्सा बनने जा रहा है। इस ऐतिहासिक पहल के लिए उन्होंने गया जी की जनता की ओर से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी तथा विशेष रूप से गया के माननीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी जी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना आने वाले समय में गया जी को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान प्रदान करेगी।