Bihar News: गयाजी जिले के गुरारू बाजार इलाके में एक दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की टंकी में दम घुटने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीन साल से बंद एक घर की टंकी की सफाई कराई जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, मकान को हाल ही में एक नए व्यक्ति ने खरीदा था। घर में बनी टंकी की सफाई के लिए उसने मजदूरों को बुलवाया था। सफाई के दौरान एक-एक कर तीन मजदूर टंकी में उतर गए। उसी दौरान टंकी के अंदर जहरीली गैस के रिसाव से उनका दम घुट गया और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि घर काफी समय से बंद था।