Viral Video: गया जिले में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश करना एक युवक को महंगा पड़ गया. टनकुप्पा थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके पास से वीडियो में इस्तेमाल किया गया अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया है.


मामला टनकुप्पा थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक रेलवे ट्रैक के पास अवैध हथियार के साथ फिल्मी अंदाज में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था. वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई और लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.


वायरल वीडियो में युवक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ा होकर देशी कट्टा लहराते हुए रील बनाता दिखाई दे रहा था. बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ बनाए गए इस वीडियो के जरिए युवक अपना रौब दिखाने की कोशिश कर रहा था.


मामले की जानकारी मिलते ही टनकुप्पा थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से वीडियो की जांच शुरू की. तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर युवक की पहचान सोनारखाप गांव निवासी विक्की कुमार के रूप में हुई.


इसके बाद पुलिस टीम ने गुरुवार को आरोपी के घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अवैध देशी कट्टा भी बरामद कर लिया.


थानाध्यक्ष ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो बनाकर कानून व्यवस्था को चुनौती देने और लोगों में भय का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई थी. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया और क्या उसके साथ इस तरह की गतिविधियों में कोई और लोग भी शामिल हैं. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.