GAYA: बिहार के गया जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में ओटीए के पास ब्लड कैंसर से पीड़ित पिता कृष्णा गुप्ता की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनके बेटे चंदन राज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का एक शादीशुदा महिला से लंबे समय से प्रेम संबंध था। प्रारंभिक जांच में जमीन अपने नाम कराने और पिता को रास्ते से हटाने के दबाव की बात सामने आई है।
24 सितंबर की रात हत्या करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को कृष्णा गुप्ता का शव बरामद किया गया था। उनके चेहरे और सिर पर ईंट-पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 24 सितंबर की रात डायलिसिस कराकर लौटते समय चंदन अपने पिता को सुनसान जगह पर ले गया, जहां कथित तौर पर ईंट-पत्थर से कूचकर उनकी हत्या कर दी।
10-12 वर्षों से था प्रेम संबंध
पुलिस की जांच में सामने आया कि चंदन राज का अपने से करीब 10 साल बड़ी एक शादीशुदा महिला के साथ पिछले 10-12 वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोप है कि महिला उस पर जमीन अपने नाम कराने या पिता को रास्ते से हटाने का दबाव बना रही थी। हालांकि, इस मामले में महिला की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।
आदित्य विजन में करता था काम
जानकारी के अनुसार, चंदन राज ग्रेजुएट है और आदित्य विजन में सेल्समैन के तौर पर काम करता था। उसे प्रतिमाह करीब 22 हजार रुपये वेतन मिलता था। पुलिस के मुताबिक, वह अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा कथित प्रेमिका पर खर्च करता था।
तकनीकी साक्ष्यों से हुआ खुलासा
इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की और आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की साजिश में संबंधित महिला की कोई भूमिका थी या नहीं। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
गयाजी से नितम राज की रिपोर्ट
गयाजी: बेटे पर पिता की ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या करने का आरोप। जमीन के लालच और गर्लफ्रेंड के कहने पर वारदात को अंजाम देने की आशंका। #Gaya #BiharNews #CrimeNews #MurderCase #BiharPolice #BreakingNews https://t.co/XawPxhqm0Y
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) October 14, 2026