BIHAR NEWS: बिहार के गया जिला स्थित शेरघाटी पहाड़ी घूमने निकले युवक-युवती के साथ कुछ युवकों द्वारा बदसलूकी किये जाने का मामला सामने आया है। बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि घटना सोमवार दोपहर दो बजे की है। 


महुआडीह गांव के पहाड़ी के पास युवक-युवती को घेरकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने  कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है, एफआईआर भी दर्ज कर ली गयी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।  


वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस घटना की चर्चा तेजी से हो रही है। अचरज की बात है कि जिन लड़कों ने मारपीट व लड़की के साथ अभद्रता की उन्होंने ही सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल कर दिया। आर्यन ग्रुप नाम से सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज किया और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। 


मिली जानकारी के अनुसार, गुरुआ का रहने वाला युवक अपनी एक महिला साथी के साथ घूमने निकला था। दोनों शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह स्थित पहाड़ी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने दोनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। यही नही गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।


गाड़ी की चाबी छीनी, टायर से हवा निकालने का भी आरोप

घटना को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, युवकों ने कपल की गाड़ी की पहले चाबी छीन ली। गाड़ी के टायर से हवा निकालने की बात भी सामने आ रही है। यही नहीं गाड़ी का प्लक भी निकाले जाने की बात वीडियो में सुनाई दे रहा है। इसके बाद दोनों को काफी देर तक वहां रोके जाने का आरोप है। पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान भी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


आर्यन नाम से सोशल मीडिया ग्रुप चलाने की चर्चा

घटना में शामिल बताए जा रहे युवकों के सोशल मीडिया कनेक्शन की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक आर्यन नाम से इंस्टाग्राम आईडी और ग्रुप चलाते हैं। केस दर्ज करने और दो लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। 

गया जी से नितम राज की रिपोर्ट