GAYAJEE: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के मामले में स्कूल की स्थिति स्पष्ट करने के लिए शिक्षा विभाग ने जांच के निर्देश दिए हैं। वायरल वीडियो में गुरुआ के एक विद्यालय में दो शिक्षकों द्वारा कथित तौर पर वर्ग कक्ष के दरवाजे का उपयोग करते हुए बच्चों को पढ़ाने की बात सामने आई थी।


जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर विद्यालय की मौजूदा स्थिति की जांच के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान, गया और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, गुरुआ को जिम्मेदारी दी गई है। दोनों अधिकारियों को विद्यालय की अद्यतन स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।


विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


प्रभारी प्रधानाध्यापक से भी मांगा गया स्पष्टीकरण

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को भी पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया है। उनसे विद्यालय में उपलब्ध कुल कमरों, वर्ग कक्षों और छात्रों की संख्या की जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा, वर्ग कक्षों की कमी होने की स्थिति में उपलब्ध आधारभूत संरचना, ब्लैक बोर्ड की व्यवस्था और दरवाजे पर वर्ग संचालन की अनुमति किस स्तर से दी गई थी, इसकी भी समीक्षा करने को कहा गया है।


24 घंटे में स्थलीय निरीक्षण का निर्देश

जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर आधारभूत संरचना की उपलब्धता सुनिश्चित करने और वायरल वीडियो के संदर्भ में विद्यालय की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।


इसके साथ ही पिछले छह महीनों के दौरान विद्यालय का कितनी बार स्थलीय निरीक्षण किया गया, इसकी भी जानकारी मांगी गई है। विभाग ने यह भी रिपोर्ट देने को कहा है कि यदि पूर्व में इस तरह की स्थिति सामने आई थी, तो उस समय कार्रवाई क्यों नहीं की गई। शिक्षा विभाग ने जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।