Bihar News : बिहार के गया जिले में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। डोभी-पटना फोरलेन पर बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास तेज रफ्तार कार और एक ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खाद से लदा एक दस चक्का ट्रक सर्विस लेन से विपरीत दिशा में फोरलेन पर चढ़ रहा था। उसी समय डोभी की ओर से पटना जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक के दाहिने हिस्से में बने डीजल टैंक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीजल टैंक फट गया और देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई।


कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में बैठे दो लोग बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके और जिंदा जल गए। वहीं चालक किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।


हादसे के बाद ट्रक चालक और उसका खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा, जबकि आग पर काबू पाने के बाद जले हुए वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। गुरुवार सुबह जेसीबी और क्रेन की मदद से फोरलेन से जली हुई कार और ट्रक को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। हादसे के कारण कई घंटों तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।


पुलिस की शुरुआती जांच में कार से कुछ खाली शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इससे किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। यह जांच का विषय है कि हादसे के समय कार में मौजूद लोग शराब के नशे में थे या नहीं। इसके लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


बोधगया थाना पुलिस के अनुसार मृतकों और घायल चालक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। जले हुए वाहन के नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही फरार ट्रक चालक और खलासी की तलाश भी शुरू कर दी गई है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और फोरलेन पर नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।