Bihar Police: गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटना की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर खानाबदोशों के एक समूह ने हमला कर दिया. अचानक हुए विरोध के दौरान लोगों ने पुलिस टीम पर टांगी से हमला करने के साथ पथराव भी किया. इस घटना में डायल 112 के एएसआई बैजू पासवान और महिला सिपाही बेबी कुमारी को हल्की चोटें आई हैं. दोनों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया.
घटना के दौरान पुलिस के गश्ती वाहन को भी निशाना बनाया गया, जिससे वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए. पुलिस टीम के साथ हुई इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.
चोरी की जांच के लिए पहुंची थी पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार, जमहेता गांव में चोरी की एक घटना सामने आई थी. इसी मामले की छानबीन के लिए पुलिस टीम गोपी मोड़ के समीप स्थित खानाबदोशों के ठिकाने पर पहुंची थी. टीम वहां मौजूद लोगों से चोरी की घटना को लेकर पूछताछ कर रही थी.
इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस की पूछताछ का विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लोगों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि इस दौरान टांगी से भी हमला किया गया और पुलिस वाहन पर पथराव किया गया.
गश्ती वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त
अचानक हुए हमले के दौरान पुलिस के गश्ती वाहन के शीशे टूट गए. हमले में डायल 112 के एएसआई बैजू पासवान और महिला सिपाही बेबी कुमारी को चोटें आईं. दोनों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया.
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान और घटना के कारणों की जांच की जा रही है. चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम के साथ हुए इस हमले को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.