Bihar Crime News: गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वजीरगंज थाना क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.


वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस को सूचना मिली थी कि वजीरगंज थाना क्षेत्र के बुधौल गांव में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से हथियारों का निर्माण कर उनकी सप्लाई कर रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित मकान की घेराबंदी की.


पुलिस के पहुंचते ही एक व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास करने लगा. सशस्त्र बल की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुधौल निवासी मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री, पिता मदन मिस्त्री के रूप में हुई है.


आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने दो बड़ी देसी एकनाली बंदूक, एक देसी एकनाली मास्केट बंदूक, दो देसी कट्टा, एक अर्धनिर्मित देसी कट्टा और एक अर्धनिर्मित बड़ा पिस्टल बरामद किया. इसके अलावा मौके से 10 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.


हथियार बनाने की मशीन और उपकरण भी बरामद

पुलिस ने हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कई मशीन और उपकरण भी बरामद किए हैं. इनमें लोहे का बैरल, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, स्प्रिंग, पेचकस, आरी, हथौड़ी समेत अन्य सामान शामिल हैं.


पुलिस के अनुसार, मौके से बरामद हथियार और उपकरणों से प्रथम दृष्टया अवैध हथियार निर्माण की गतिविधि का पता चला है. मामले में वजीरगंज थाना कांड संख्या 313/26, दिनांक 22 जुलाई 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.


पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी अवैध हथियारों का निर्माण कर किन लोगों को सप्लाई करता था और उसका किसी हथियार तस्कर गिरोह से संबंध है या नहीं.