GAYA: बिहार के गया जी में चल रहे पितृपक्ष मेला महासंगम 2026 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पितरों का पिंडदान करने पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में हैदराबाद के चिंडालिया परिवार के करीब 25 सदस्य 16 दिवसीय पिंडदान के लिए गयाजी पहुंचे हैं। परिवार के सदस्य अलग-अलग पिंड वेदियों पर जाकर विधि-विधान से पिंडदान कर अपने पितरों की मोक्ष की कामना कर रहे हैं।


इसी परिवार में शामिल दीपक अग्रवाल इन दिनों खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। दीपक मिमिक्री आर्टिस्ट हैं और 30 से अधिक फिल्मी कलाकारों की आवाज की हूबहू नकल कर लेते हैं। उनकी शक्ल बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन से मिलती-जुलती है, जिसके चलते हैदराबाद में लोग उन्हें ‘डुप्लीकेट अजय देवगन’ या ‘साउथ का अजय देवगन’ भी कहते हैं।


30 से ज्यादा अभिनेताओं की आवाज निकालने में माहिर

दीपक अग्रवाल राजकुमार, दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन, मिथुन चक्रवर्ती, संजय दत्त, अजित, नाना पाटेकर और अमजद खान समेत 30 से अधिक अभिनेताओं की आवाज की मिमिक्री कर लेते हैं। उनके इस हुनर के चलते उन्हें साउथ की कई छोटी फिल्मों में बैकग्राउंड वॉयस देने का भी मौका मिला है।


दीपक ने साउथ के सुपरस्टार रवि तेजा की कई फिल्मों में भी आवाज दी है। हैदराबाद में वह नियमित रूप से स्टेज शो और मिमिक्री कार्यक्रम करते हैं, जहां अपनी आवाज और अभिनय के अंदाज से लोगों का मनोरंजन करते हैं।


12 साल की उम्र में शुरू किया मिमिक्री का सफर

दीपक बताते हैं कि उन्होंने महज 12 साल की उम्र में मिमिक्री करना शुरू किया था। उनके स्कूल में एक बार एक मिमिक्री आर्टिस्ट कार्यक्रम करने आया था। कार्यक्रम के दौरान जब वह अमिताभ बच्चन की आवाज नहीं निकाल पाया, तब दीपक ने उनकी आवाज की मिमिक्री कर सभी को हैरान कर दिया।


इसके बाद उन्होंने अलग-अलग अभिनेताओं की आवाज निकालने का अभ्यास शुरू किया और धीरे-धीरे कई कलाकारों की आवाज की नकल करने में माहिर हो गए।


मिमिक्री के साथ कैटरिंग का कारोबार

दीपक अग्रवाल मिमिक्री और स्टेज शो के अलावा कैटरिंग के कारोबार से भी जुड़े हुए हैं। उनकी आवाज और अजय देवगन से मिलती-जुलती शक्ल ने उन्हें हैदराबाद में एक अलग पहचान दिलाई है। फिलहाल पितृपक्ष के मौके पर परिवार के साथ गयाजी पहुंचे दीपक अग्रवाल अपने पितरों के लिए पिंडदान कर रहे हैं। धार्मिक यात्रा के बीच उनकी मिमिक्री कला और अजय देवगन से मिलते-जुलते लुक ने उन्हें यहां भी खास आकर्षण बना दिया है।

गया से नितम राज की रिपोर्ट