Bihar Crime News: गया में दुर्गा पूजा के बीच दो सगे भाइयों पर गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के नजदीक हुई इस घटना में दोनों भाइयों को गोली लगी. आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छोटे भाई को मृत घोषित कर दिया. वहीं, बड़े भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है.
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिद्धार्थपुरी रोड नंबर एक निवासी दारोगा पिंटू सिंह के छोटे बेटे रानू सिंह (30) के रूप में हुई है. गोलीबारी में रानू के बड़े भाई मोनू सिंह (32) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि घटना नवमी की आधी रात की है. दुर्गा पूजा को लेकर इलाके में चहल-पहल के बीच नौरंगा आहार के पास अचानक गोलीबारी की आवाज सुनाई दी. घटना में दो भाइयों को गोली लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
परिजन और स्थानीय लोग दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में इलाज के दौरान छोटे भाई रानू सिंह की मौत हो गई, जबकि मोनू सिंह का इलाज चल रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास शराब और जुए का अड्डा संचालित होने की चर्चा है. इसी दौरान जुए को लेकर विवाद होने और उसके बाद गोलीबारी की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के पीछे जुआ या शराब को लेकर विवाद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
दोनों भाइयों का परिवार मूल रूप से अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन गांव का रहने वाला बताया जाता है. पिछले कुछ वर्षों से परिवार मानपुर के सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में रह रहा है.
गोलीबारी की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, एसआइ मोहम्मद इमरान और डीएसपी अभिनव कुमार ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से गोली के कुछ खोखे बरामद किए गए हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. गोलीबारी में कौन लोग शामिल थे और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.