Bihar News: गया जिले के टिकारी स्थित एक मध्य विद्यालय के शिक्षक पर छात्रा को अश्लील संदेश भेजने और यौन शोषण के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में छात्रा की दादी ने टिकारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि शिक्षक छात्रा के मोबाइल पर लगातार आपत्तिजनक और अश्लील संदेश भेज रहा था। इतना ही नहीं, छात्रा पर अनैतिक संबंध बनाने का मानसिक दबाव भी बनाया जा रहा था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित छात्रा की दादी ने बताया कि पोती ने काफी डर और मानसिक तनाव के बाद परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
टिकारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य पुलिस को दिए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि छात्रा आठवीं कक्षा पास करने के बाद विद्यालय से स्थानांतरण प्रमाण पत्र ले चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस तरह की शिकायत आई थी, लेकिन जांच में पुष्टि नहीं हुई थी। हालांकि हाल के दिनों में दोबारा शिकायत मिलने पर शिक्षक को चेतावनी दी गई थी।
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भी आक्रोश है। अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष संतोष पांडेय ने आरोपी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई और तत्काल निलंबन की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों का भविष्य संवारने वाले शिक्षक पर इस तरह के आरोप बेहद शर्मनाक हैं।