GAYAJEE: बिहार के गया जी में छठ महापर्व के मौके पर गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। गया शहर के केपी रोड में मुस्लिम समाज के लोगों ने छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया।
श्री श्री बाल समिति, वार्ड पार्षद नैय्यर अहमद और स्थानीय लोगों की ओर से छठव्रतियों को बाल्टी, सूप, पूजन सामग्री और शॉल भेंट किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने छठव्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता का संदेश दिया।
इस मौके पर वार्ड पार्षद नैय्यर अहमद ने कहा कि वे लोग हर साल छठ महापर्व के अवसर पर छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण करते हैं। केपी रोड में सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर छठ पर्व मनाते हैं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, सेवा और भाईचारे का प्रतीक है।
वहीं, वार्ड पार्षद ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि इतने बड़े महापर्व के बावजूद केपी रोड में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इसको लेकर नगर आयुक्त और निगम कर्मियों से शिकायत भी की गई है, लेकिन अब तक कचरे का उठाव नहीं हुआ है।
उन्होंने नगर निगम से मांग की कि सुबह छठव्रतियों के घाटों और पूजा स्थलों पर पहुंचने से पहले पूरे इलाके में साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए।
कुल मिलाकर, गया के केपी रोड में जहां मुस्लिम समाज की ओर से छठव्रतियों की मदद कर गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल पेश की गई, वहीं नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए।