Bihar Crime News: गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के झोर गांव में चोरी के शक में 15 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर किशोर को घर से ले जाकर लाठी-डंडे से पीटने का आरोप लगाया है. पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि किशोर पर गांव के कई घरों में चोरी करने का आरोप लगाया जाता रहा था. इसी वजह से कुछ ग्रामीण उससे नाराज थे. परिजनों का आरोप है कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे कुछ लोग किशोर के घर पहुंचे और उसे अपने साथ लेकर कुछ दूर चले गए.
परिजनों के अनुसार, घर से बाहर ले जाने के बाद किशोर के हाथ-पैर बांध दिए गए और उसके साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई. मारपीट के दौरान ही उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई.
वहीं, मृतक के परिजनों ने चोरी के आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि किशोर चोरी नहीं करता था और उसके ऊपर लगाए गए आरोपों के आधार पर ही उसके साथ मारपीट की गई.
घटना की जानकारी मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मामले में दो लोगों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.