Bihar Crime News: बिहार के गया जी में रेलवे स्टेशन से घर लौट रहे एक व्यापारी को निशाना बनाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया. शुक्रवार की अहले सुबह दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने हथियार के बल पर व्यापारी का सूटकेस लूट लिया. सूटकेस में सोने की चेन, महंगी घड़ी, चांदी के सिक्के और 50 हजार रुपये नकद रखे थे. व्यापारी और ई-रिक्शा चालक ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली चला दी. गोली लगने से ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस रेलवे स्टेशन से घटनास्थल तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उत्तरी लखीबाग मोहल्ले का है. घटना शुक्रवार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है. घायल ई-रिक्शा चालक की पहचान गया शहर के बैरागी मोहल्ले की सुंदरी गली निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई है. गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दिल्ली से लौटे थे व्यापारी, स्टेशन से ही पीछा कर रहे थे बदमाश
पीड़ित व्यापारी की पहचान 35 वर्षीय पंकज अग्रवाल के रूप में हुई है. उनकी ‘रॉयल बुक स्टोर’ नाम से दुकान है. पंकज अग्रवाल व्यापार के सिलसिले में दिल्ली गए थे और गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 2:45 बजे महाबोधि एक्सप्रेस से गया जंक्शन पहुंचे थे. स्टेशन से घर जाने के लिए उन्होंने एक ई-रिक्शा बुक किया था.
व्यापारी के मुताबिक, ई-रिक्शा से घर लौटने के दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाश स्टेशन से ही उनका पीछा कर रहे थे. वे कभी ई-रिक्शा के आगे तो कभी पीछे चल रहे थे. फल्गु नदी के सिक्स लेन पुल को पार करने के बाद जैसे ही ई-रिक्शा घर की ओर बढ़ा, बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया.
इसके बाद हथियार दिखाकर व्यापारी के पास रखा सूटकेस छीनने लगे. पंकज अग्रवाल और ई-रिक्शा चालक ने इसका विरोध किया और शोर मचाया. इसी दौरान बदमाशों ने गोली चला दी. गोली व्यापारी को नहीं लगी, बल्कि ई-रिक्शा चालक राहुल कुमार की कमर में जा लगी.
व्यापारी के अनुसार, लूटे गए सूटकेस में 15-15 ग्राम की दो सोने की चेन, एक महंगी कलाई घड़ी, तीन चांदी के सिक्के, 50 हजार रुपये नकद और दो जोड़ी कपड़े रखे थे. बदमाश सूटकेस लेकर मौके से फरार हो गए.
वारदात की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मौके से 7.65 एमएम पिस्टल का एक खोखा भी बरामद किया गया है.
रेलवे स्टेशन से घटनास्थल तक खंगाले जा रहे CCTV
घटना की जांच के लिए थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और एसआई मोहम्मद इमरान की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस व्यापारी के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
पुलिस रेलवे स्टेशन से लेकर वारदात वाली जगह तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी जांच की है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात में सफेद रंग की अपाचे और काले रंग की हीरो बाइक इस्तेमाल किए जाने की आशंका है. पुलिस इन बाइकों की पहचान और उनके नंबर का पता लगाने में जुटी है.
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि ई-रिक्शा चालक बदमाशों को पहचानता है, लेकिन डर के कारण फिलहाल उनकी पहचान उजागर करने से परहेज कर रहा है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आरोपितों की तलाश कर रही है.