Bihar Missing Girls News: गया के वजीरगंज थाना क्षेत्र से 9 सितंबर को लापता हुईं चार नाबालिग छात्राओं को पुलिस ने मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है. चारों छात्राएं एक ही गांव की रहने वाली हैं और 10वीं व 12वीं कक्षा में पढ़ती हैं. मंगलवार को पुलिस सभी छात्राओं को लेकर वजीरगंज थाना पहुंची, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली.


जानकारी के अनुसार, चारों छात्राएं 9 सितंबर को परीक्षा फॉर्म भरने की बात कहकर घर से स्कूल के लिए निकली थीं. चारों सामान्य दिनों की तरह घर से निकलीं, लेकिन तय समय तक वापस नहीं लौटीं. काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पहले स्कूल और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.


इसके बाद परिजनों ने वजीरगंज थाने में आवेदन देकर चारों छात्राओं के लापता होने की सूचना दी. एक साथ चार नाबालिग छात्राओं के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की.


मोबाइल लोकेशन से मुंबई तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने छात्राओं की तलाश के लिए तकनीकी जांच शुरू की. मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस को छात्राओं के मुंबई में होने का पता चला. इसके बाद पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंची और चारों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया.


बरामदगी के बाद मंगलवार को पुलिस चारों छात्राओं को लेकर वजीरगंज थाना पहुंची. छात्राओं के सुरक्षित मिलने की जानकारी मिलते ही उनके परिजनों ने भी राहत की सांस ली.


मुंबई कैसे पहुंचीं, पुलिस करेगी पूछताछ

चारों छात्राएं गया से मुंबई तक कैसे पहुंचीं और उनके वहां जाने का उद्देश्य क्या था, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. पुलिस अब छात्राओं से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाएगी. यह भी पता लगाया जाएगा कि वे अपनी इच्छा से मुंबई गई थीं या किसी के कहने या बहकावे में वहां पहुंचीं.


पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है. चारों छात्राओं को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर उनके बयान दर्ज कराए जाएंगे. इसके बाद मामले से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है.


चारों के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस अब उनके घर से निकलने से लेकर मुंबई पहुंचने तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है.