GAYA: संविधान दिवस के मौके पर गया के दक्ष आर्यन और श्रेया तिवारी ने कोर्ट मैरिज कर समाज के सामने एक नई मिसाल पेश की है। दोनों ने परिवारों की सहमति से बिना दहेज के अंतरजातीय विवाह किया।
इस शादी के जरिए उन्होंने सामाजिक समानता, आपसी सहमति और दहेज प्रथा के खिलाफ संदेश दिया। वहीं, श्रेया तिवारी ने लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र बढ़ाकर 23 से 24 साल करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि इससे युवतियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने भविष्य के बारे में बेहतर निर्णय लेने का अवसर मिलेगा।
दक्ष आर्यन गया के रहने वाले हैं। वह बीबीए की पढ़ाई करने के साथ स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग और गैस एजेंसी का काम भी संभालते हैं। दक्ष ने बताया कि आज के दौर में कानूनी रूप से शादी करना भविष्य और जीवनसाथी की सुरक्षा के लिहाज से एक मजबूत माध्यम है। हालांकि, अपनी इच्छा के अनुसार पारंपरिक रीति-रिवाजों से भी विवाह समारोह आयोजित किया जा सकता है।
सात साल की दोस्ती अब शादी के रिश्ते में बदली
दक्ष और श्रेया एक-दूसरे को करीब सात साल से जानते हैं। दोनों की मुलाकात स्कूल के दिनों में गोरखपुर में हुई थी। उस समय दक्ष के पिता दिलीप कुमार की पोस्टिंग गोरखपुर में थी। बाद में दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और अब उन्होंने शादी करने का फैसला लिया।
दक्ष के पिता दिलीप कुमार ने बताया कि दोनों के रिश्ते और उनकी परिपक्वता को देखते हुए परिवारों ने आपसी सहमति से इस विवाह का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि दक्ष कोईरी-कुशवाहा समुदाय से हैं, जबकि श्रेया तिवारी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। इसके बावजूद दोनों परिवारों ने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर इस रिश्ते को स्वीकार किया।
दिलीप कुमार ने कहा कि परिवार ने दहेज प्रथा को पूरी तरह नकारते हुए इस शादी का समर्थन किया। संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को विवाह करने का सुझाव उनकी नातिन ने दिया था, जिस पर परिवार के सभी सदस्यों ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि शादी में फिजूलखर्ची और दहेज पर पैसा खर्च करने के बजाय उसका बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
श्रेया बोलीं- लड़कियों की शादी की उम्र 23-24 साल होनी चाहिए
श्रेया तिवारी ने बताया कि वह दक्ष को बचपन से जानती हैं। स्कूल के दिनों में शुरू हुई दोस्ती सात साल के साथ के बाद शादी के रिश्ते में बदल गई। दोनों ने कानूनी तरीके से कोर्ट मैरिज करने का फैसला लिया है। आगे समय निकालकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अन्य आयोजन भी किए जाएंगे।
श्रेया ने समाज और सरकार को संदेश देते हुए कहा कि जीवन का कोई भी बड़ा फैसला सोच-समझकर लेना चाहिए। उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश सरकार से लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र बढ़ाने की अपील की। उनके मुताबिक, लड़कियों को पहले पढ़ाई पूरी करने, अपने पैरों पर खड़े होने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का पर्याप्त समय मिलना चाहिए। इसके बाद उन्हें शादी के बारे में फैसला लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लड़कियों की शादी की उम्र कम से कम 23 से 24 साल होनी चाहिए, ताकि वे मानसिक और आर्थिक रूप से सक्षम बन सकें। पिता को खोने के बाद भी श्रेया ने लिया आत्मनिर्भरता का संदेश देने वाला फैसला श्रेया के पिता का पिछले वर्ष ब्रेन हैमरेज के कारण निधन हो गया था।
वह फार्मा क्षेत्र में नौकरी करते थे। ऐसे में परिवार की सहमति और समर्थन के साथ श्रेया ने दक्ष के साथ विवाह का फैसला लिया। संविधान दिवस पर हुई इस अंतरजातीय और दहेज मुक्त शादी के जरिए दोनों परिवारों ने सामाजिक समानता, आपसी समझ और दहेज प्रथा के विरोध का संदेश देने की कोशिश की है।