Gaya Airport : गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए उड़ान भरने जा रहे इंडिगो के विमान में उस वक्त अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक महिला यात्री की पायलट से बहस शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि विमान को टेकऑफ से ठीक पहले रोकना पड़ा और सुरक्षाकर्मियों ने महिला यात्री को विमान से उतार दिया।

मामला रविवार का है। इंडिगो की फ्लाइट 6E 6157 को गया से सुबह करीब 11:30 बजे कोलकाता के लिए रवाना होना था। बोर्डिंग और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी यात्री विमान में सवार हो चुके थे। विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी एक महिला यात्री का पायलट से विवाद शुरू हो गया।

मोबाइल छूटने से शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि महिला यात्री आशा राजेन्द्रन कृष्णा मूर्ति का मोबाइल एयरपोर्ट पर ही छूट गया था। बोर्डिंग और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद वह विमान में बैठ चुकी थीं। मोबाइल वापस लेने को लेकर वह पायलट से बात करने लगीं और इसी दौरान दोनों के बीच बहस बढ़ गई। स्थिति बिगड़ती देख पायलट ने मामले की जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी। इसके बाद विमान की आगे की मूवमेंट रोक दी गई और उसे वापस पार्किंग एरिया में लाया गया।

सुरक्षाकर्मियों ने महिला को विमान से उतारा

विमान के पार्किंग एरिया में लौटने के बाद एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने महिला यात्री को विमान से उतार लिया। इसके बाद फ्लाइट कोलकाता के लिए रवाना कर दी गई। महिला को कोलकाता होते हुए दुबई जाना था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी गया एयरपोर्ट पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।

इंडिगो स्टेशन मैनेजर ने दी लिखित शिकायत

गयाजी एयरपोर्ट के कार्यकारी निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि फ्लाइट को सुबह 11:30 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरनी थी। बोर्डिंग और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद महिला यात्री विमान में सवार हो गई थी। टेकऑफ के दौरान विवाद होने के बाद विमान की मूवमेंट रोक दी गई और महिला को विमान से उतारने के बाद फ्लाइट को कोलकाता के लिए रवाना किया गया। वहीं, पुलिस के अनुसार इंडिगो के स्टेशन मैनेजर विश्व रंजन राणा ने महिला यात्री के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस पूरे मामले की पूछताछ कर रही है। मोबाइल लेने की कोशिश में शुरू हुआ विवाद आखिर विमान रुकने और महिला यात्री के हिरासत में पहुंचने तक कैसे पहुंच गया, इसे लेकर एयरपोर्ट पर काफी देर तक चर्चा होती रही।