EOU Raid Bihar: बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गया के राजद नेता सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है. जमीन की खरीद-बिक्री और कथित तौर पर अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने के मामले में पटना से पहुंची EOU की टीम ने उनके और उनके सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है. यह कार्रवाई गया, औरंगाबाद से लेकर झारखंड तक कुल आठ स्थानों पर चल रही है.
जानकारी के अनुसार, EOU की टीम गया जिले में पांच, औरंगाबाद में एक और झारखंड में दो ठिकानों पर तलाशी ले रही है. डीएसपी प्रवेंद्र भारती के नेतृत्व में छापेमारी की जा रही है. गया के एसएसपी सुशील कुमार ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि की है.
200 एकड़ जमीन का साम्राज्य खड़ा करने का आरोप
भगत यादव पर करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. इस संबंध में दिए गए आवेदन में दावा किया गया है कि उन्होंने अपनी पत्नी सुनीता देवी, बेटे आर्यन कुमार, कंपनी और सहयोगियों के नाम पर जमीन, फ्लैट समेत कई संपत्तियां खरीदी हैं.
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जमीन पर कब्जा, रंगदारी और अन्य कथित आपराधिक गतिविधियों के जरिए करीब 200 एकड़ जमीन का साम्राज्य खड़ा किया गया है. हालांकि, ये सभी आरोप हैं और इनकी जांच की जा रही है.
शिकायत में गया जिले के बोधगया, शेरघाटी और बाराचट्टी समेत कई इलाकों में जमीन, फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियों का उल्लेख किया गया है. आरोप है कि इन संपत्तियों को अलग-अलग लोगों और संस्थाओं के नाम पर खरीदा गया है.
EOU की टीम छापेमारी के दौरान संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों और अन्य कागजातों की जांच कर रही है. जांच का मुख्य उद्देश्य कथित बेनामी संपत्तियों और जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े लेनदेन की जानकारी जुटाना है.
बिहार और झारखंड में 23 मामलों का उल्लेख
भगत यादव के खिलाफ दिए गए आवेदन में बिहार और झारखंड के अलग-अलग थानों में दर्ज 23 प्राथमिकी का भी जिक्र किया गया है. इनमें गया के टिकारी, रामपुर, कोतवाली, बोधगया, शेरघाटी, डोभी और बाराचट्टी थानों के मामले शामिल हैं. इसके अलावा झारखंड के बोकारो, धनबाद, डुमरी और हंटरगंज थानों में दर्ज मामलों का भी उल्लेख किया गया है.
अपहरण, रंगदारी और जमीन कब्जे के आरोपों की जांच
आवेदन में दर्ज मामलों को अपहरण, रंगदारी और जमीन पर कब्जे जैसी कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा बताया गया है. फिलहाल EOU की टीम इन आरोपों और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है. गया, औरंगाबाद और झारखंड के आठ ठिकानों पर छापेमारी जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही संपत्तियों और आरोपों से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.