Bihar Crime News: गया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में घर में अकेली रह रही 45 वर्षीय मूक-बधिर महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. महिला का शव गुरुवार को मल्लाह टोली रेलवे किनारे स्थित लक्ष्मी स्थान के पास उसके घर से बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से मिले हालात के आधार पर पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. स्थानीय स्तर पर दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.
मृतका की पहचान गोंगी देवी, पति स्व. कृष्णा साव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार गोंगी देवी मूक-बधिर थीं और घर में अकेली रहती थीं. उनकी कोई संतान नहीं थी. करीब तीन वर्ष पहले उनके पति कृष्णा साव की बीमारी से मौत हो गई थी. इसके बाद से वह अकेले ही घर में रह रही थीं.
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया. दोनों टीमों ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटना से जुड़े सुरागों की जांच की.
परिवार के राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गोंगी देवी के घर का लकड़ी का दरवाजा काफी कमजोर था. आशंका है कि अज्ञात लोग दरवाजा खोलकर घर के अंदर दाखिल हुए और घटना को अंजाम देने के बाद घर से सामान लेकर फरार हो गए.
घटनास्थल पर कपड़े बिखरे मिलने के बाद स्थानीय लोगों के बीच महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी अभिनव कुमार, एसडीपीओ अभिनव, मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम से जरूरी जानकारी ली.
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि महिला की मौत के मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी. पुलिस घटना से जुड़े लोगों की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी है.