Chhath Puja 2026: छठ महापर्व में खरना के प्रसाद का अपना धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है. बिहार के मगध क्षेत्र में खरना की एक ऐसी परंपरा आज भी निभाई जाती है, जो दूसरे इलाकों से थोड़ी अलग है. यहां खरना के दिन अरवा चावल के साथ चने की दाल बनाई जाती है. खास बात यह है कि इस दाल में साधारण नमक की जगह सेंधा नमक और गोलकी का इस्तेमाल होता है. वहीं, दाल में हल्दी बिल्कुल नहीं डाली जाती.


गया, नवादा, शेखपुरा और नालंदा के कई इलाकों में यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है. छठ व्रती खरना की शाम भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा करने के बाद सबसे पहले इसी प्रसाद को ग्रहण करती हैं. इसके बाद परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों के बीच प्रसाद बांटा जाता है.


पीढ़ियों से चली आ रही है यह परंपरा

मगध में खरना के प्रसाद को बनाने का यह तरीका कोई नई परंपरा नहीं है. परिवारों में बुजुर्गों और पूर्वजों से चली आ रही विधि के अनुसार ही आज भी प्रसाद तैयार किया जाता है. नालंदा जिले के राजगीर निवासी मिथिलेश पांडेय बताते हैं कि खरना की चने की दाल में सेंधा नमक और गोलकी डालने की परंपरा काफी पुरानी है. घरों में जिस तरीके से पहले प्रसाद बनाया जाता था, उसी विधि को आज की पीढ़ी भी अपना रही है.


नवादा से दिल्ली और बेंगलुरु तक पहुंची परंपरा

बताया जाता है कि खरना में सेंधा नमक वाली चने की दाल बनाने की परंपरा नवादा जिले के ग्रामीण इलाकों से धीरे-धीरे मगध के दूसरे क्षेत्रों और शहरी परिवारों तक पहुंची. नवादा में आज भी 60 प्रतिशत से अधिक व्रती खरना के प्रसाद में सेंधा नमक का इस्तेमाल करती हैं.


इस परंपरा को आगे बढ़ाने में उन महिलाओं की भी बड़ी भूमिका रही है, जिनकी शादी दूसरे शहरों में हुई. वे अपने मायके की इस धार्मिक रीति को ससुराल में भी निभाती हैं. यही वजह है कि बिहार के दूसरे हिस्सों के साथ-साथ दिल्ली और बेंगलुरु जैसे महानगरों में रहने वाले मगध के परिवार भी खरना का प्रसाद इसी तरीके से बनाते हैं.


शेखपुरा में करीब 90 प्रतिशत घरों में बनती है ऐसी दाल

शेखपुरा के अरविंद मानव के अनुसार, जिले के करीब 90 प्रतिशत घरों में खरना के दिन चने की दाल में सेंधा नमक डालने की परंपरा है. यहां के परिवारों के लिए यह कोई नई बात नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही धार्मिक रीति है. अब शहरी इलाकों में भी इस परंपरा को अपनाने वाले परिवारों की संख्या बढ़ रही है.


मगध की यह परंपरा छठ महापर्व से जुड़े पारिवारिक संस्कारों और पुरखों की विरासत को दिखाती है. बदलते समय में भी यहां के परिवार खरना के प्रसाद को उसी पुराने तरीके से तैयार कर रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस खास परंपरा से जुड़ी रहें.