DARBHANGA: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को बीजेपी इस बार ‘सेवा और संकल्प’ के रूप में मनाएगी। इसके तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दरभंगा में प्रेस वार्ता के दौरान राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने अभियान की जानकारी दी।
17 सितंबर की शाम 7 बजे जलेगा ‘आशीर्वाद का दिया’
धर्मशीला गुप्ता ने बताया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे देशभर में ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत लोग अपने-अपने घरों में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार और आशीर्वाद व्यक्त करेंगे।
सांसद ने कहा कि यह केवल दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और संकल्प के प्रति जनता की ओर से धन्यवाद व्यक्त करने का अवसर है।
सरकारी कार्यक्रम बनाए जाने के आरोप पर पलटवार
प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सरकारी कार्यक्रम बनाए जाने के विपक्ष के आरोप पर धर्मशीला गुप्ता ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सेवा और संकल्प का अर्थ समझ में नहीं आता।
सांसद ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि केंद्र की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों को पक्का मकान, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, शौचालय समेत कई सुविधाओं का लाभ मिला है।
‘मोदी सरकार में बदली देश की दिशा और दशा’
धर्मशीला गुप्ता ने विपक्ष पर भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की दिशा और दशा बदली है। उन्होंने दावा किया कि दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का उद्देश्य सेवा कार्यों के जरिए लोगों तक पहुंचना और सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना है।