DARBHANGA: दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड (दरभंगा) के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) चंद्र मोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी बुधवार को समाप्त हो गई। टीम ने दरभंगा और मधुबनी समेत कुल छह ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। दरभंगा में केवटी प्रखंड कार्यालय, उनका सरकारी आवास, बहादुरपुर प्रखंड के बहादुरपुर स्थित निजी आवास तथा एक रिश्तेदार की दुकान पर छापेमारी की गई।
वहीं, मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित उनके बौंसी गांव के पैतृक आवास, एक मॉल तथा गुलाब तारा देवी नर्सिंग होम में भी EOU की टीम ने छापेमारी की। इन स्थानों से भी कई अहम दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त कर टीम अपने साथ ले गई है। छापेमारी समाप्त होने के बाद EOU के डीएसपी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए हैं, जिनकी फिलहाल जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
मामले के शिकायतकर्ता ने BDO चंद्र मोहन पासवान पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें भ्रष्ट अधिकारी बताया। उनका दावा है कि आरोपी के पास अकूत संपत्ति है, जो बिहार के साथ-साथ नेपाल में भी फैली हुई है। शिकायतकर्ता ने EOU की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी शिकायत पर टीम ने छापेमारी की, जिसके लिए उन्होंने अधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच में आय से अधिक संपत्ति का बड़ा मामला सामने आएगा।
इसके अलावा शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि केवटी प्रखंड की कई योजनाओं में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी और बंदरबांट की गई है।फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई समाप्त हो चुकी है और EOU की टीम वापस लौट गई है। मामले की जांच जारी है।