DARBHANGA: दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक महिला पर ईंट से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। लक्ष्मी सागर रोड नंबर 3 और 4 के बीच विवेकानंद स्कूल के पास अज्ञात व्यक्ति ने महिला के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटनास्थल पर महिला खून से लथपथ और अचेत अवस्था में मिली। वहीं, महिला के आसपास कुछ रुपये और सिक्के भी बिखरे हुए पाए गए हैं, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए DMCH में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। महिला पर हमला किसने किया और इसके पीछे क्या वजह है, इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।