Bihar News: दरभंगा में बारिश के दौरान दोस्तों के साथ नदी में नहाने गए 15 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई. छात्र का शव अगले दिन सुबह नदी से बरामद किया गया. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
मामला नगर थाना क्षेत्र के शुभंकरपुर इलाके का है. मृतक की पहचान नीरज कुमार के रूप में हुई है. नीरज सेंट्रल दरभंगा पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता था. परिजनों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बारिश शुरू होने के बाद नीरज मोहल्ले के कुछ बच्चों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था.
खेलते-खेलते सभी बच्चे महाराज जी पुल के पास स्थित घाट पर पहुंच गए. वहां बच्चे नदी में नहाने लगे. इसी दौरान नीरज गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसके साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घाट पर पहुंचे. पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से नदी में छात्र की तलाश शुरू की गई. खोजबीन के दौरान घाट की सीढ़ियों के पास नीरज की चप्पल मिली, जिससे उसके नदी में डूबने की आशंका और मजबूत हो गई.
काफी देर तक तलाश के बावजूद छात्र का पता नहीं चल सका. अगले दिन सुबह ठठेरी टोला के पास कुछ मछुआरों ने नदी में एक शव तैरता देखा. इसकी सूचना तुरंत स्थानीय लोगों और परिजनों को दी गई.
जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान नीरज कुमार के रूप में की. शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. नीरज की मौत की खबर से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.