Bihar News: दरभंगा जिले के मोरो थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय खपड़पुरा में पदस्थापित एक शिक्षिका ने अपने विद्यालय के प्रधान शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिक्षिका ने प्रधान शिक्षक पर कथित रूप से छेड़छाड़, मानसिक प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप लगाया है।



शिक्षिका रीना कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि प्रधान शिक्षक उनके साथ अभद्र व्यवहार करते थे और अक्सर उन्हें घूरने के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे। आवेदन के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर उन्हें ‘जम्हाई ले रही हो’, ‘अंगराई ले रही हो’ और ‘सीना दिखाकर चलती हो’ जैसे आपत्तिजनक शब्द कहते थे।



शिक्षिका का आरोप है कि जब उन्होंने कथित व्यवहार का विरोध किया तो प्रधान शिक्षक ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बार-बार कार्यालय में बुलाकर बैठाया जाता था।



शिक्षिका के अनुसार, एक अवसर पर प्रधान शिक्षक ने कथित तौर पर उनके कंधे पर हाथ रखा और अपने मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाया। शिक्षिका का दावा है कि इस तरह का कथित व्यवहार वर्ष 2025 से जारी था।



शिक्षिका ने अपने आवेदन में लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण दो महीने का गर्भ गिरने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने इस घटना के लिए प्रधान शिक्षक को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।



शिक्षिका का कहना है कि उन्होंने मामले की मौखिक और लिखित शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और डीपीओ से की थी। उनके मुताबिक, शिकायत के बाद केवल स्पष्टीकरण मांगने की प्रक्रिया पूरी की गई और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया।



मोरो थानाध्यक्ष दिव्य ज्योति ने बताया कि शिक्षिका के आवेदन के आधार पर एससी-एसटी एक्ट के साथ बीएनएस की धारा 75, 78, 351 और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिक्षिका की ओर से लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।