Bihar Road Accident: बिहार के दरभंगा में बुधवार की सुबह एक में भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति-27 के पास हुआ, जहां सुबह करीब 4 बजे गाड़ी पर सवार चार युवक हादसे का शिकार हो गए।





बताया जा रहा है कि चारों युवक दरभंगा शहर के बाकरगंज स्थित मोमिन टोला, वार्ड संख्या 39 के रहने वाले थे। मोहल्ले की एक मस्जिद में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था। इसके बाद चारों युवक रात करीब 3 बजे परिवार को बिना बताए घर से निकले थे। 




परिजनों को बताया गया था कि वे मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद चारों गाड़ी लेकर हाईवे की ओर निकल गए, जहां भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में 15 वर्षीय फारिश, 15 वर्षीय मोहम्मद इस्तेखार और 16 वर्षीय अल्ताफ नियाज की मौत हो गई। 




वहीं 16 वर्षीय मोहम्मद तल्फ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक घायल युवक कोमा में है। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद बाकरगंज मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा