Bihar Crime News: दरभंगा में अपराधियों ने बुधवार देर रात एनएच 27 पर दो युवकों को गोली मारकर उनकी बाइक लूट ली. बसैला चौक के पास हुई इस वारदात में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद हमलावर बाइक लेकर मौके से फरार हो गए. सड़क पर गोलीबारी और लूट की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच की इमरजेंसी में भर्ती कराया.


घायलों की पहचान सोनकी थाना क्षेत्र के चिकनी गांव निवासी अजीत मंडल के पुत्र बजरंगी मंडल (18) और रमेश कुमार मंडल के पुत्र श्रवण मंडल (27) के रूप में हुई है. दोनों आपस में दोस्त हैं. बताया गया कि हमले में बजरंगी के गले में, जबकि श्रवण के जांघ में गोली लगी है. दोनों का डीएमसीएच में इलाज चल रहा है.


जानकारी के अनुसार बजरंगी और श्रवण दिल्ली की पराठा गली में हलवाई का काम करते हैं. दोनों पिछले सप्ताह ही दिल्ली से अपने घर लौटे थे. बुधवार को दोनों अलग-अलग बाइक से श्रवण की बहन के ससुराल सिंहवाड़ा प्रखंड के अरई सढ़वारा गांव गए थे.


परिजनों के अनुसार, दोनों युवक बुधवार देर रात वहां से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान एनएच 27 पर बसैला चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और गोली मार दी. गोली लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद अपराधी एक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए.


गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी है.


परिजनों ने दोनों युवकों को गोली मारे जाने के पीछे लेन-देन के विवाद की आशंका जताई है. हालांकि, घटना की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस इस बिंदु समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है.


पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस लूटी गई बाइक की तलाश के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई कर रही है.