Bihar News : दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र स्थित बरिऔल चौक में मोहर्रम के अवसर पर ताजिया विसर्जन और पहलाम कार्यक्रम के बाद अचानक हुए उपद्रव और हिंसा की घटना से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। देर रात हुई इस घटना में कई घरों, दुकानों और धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाया गया। उपद्रवियों द्वारा की गई तोड़फोड़ और मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है तथा गांव में अस्थायी पुलिस कैंप स्थापित किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
घरों, दुकानों और मंदिर परिसर में तोड़फोड़
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहर्रम के जुलूस और ताजिया विसर्जन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने बरिऔल चौक और उसके आसपास के क्षेत्रों में उपद्रव शुरू कर दिया। इस दौरान कई घरों और दुकानों को निशाना बनाया गया। उपद्रवियों ने दुकानों के शीशे तोड़ दिए, कई मकानों की एस्बेस्टस की चादरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर की चाहरदीवारी को भी क्षति पहुंचाई गई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल बन गया। घटना के दौरान रास्ते में मिले कई लोगों के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
छह से सात लोग घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कमतौल थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हालात को नियंत्रण में लिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जाले रेफर किया गया। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुराने विवाद से जुड़ रहा है मामला
पुलिस जांच में इस घटना की पृष्ठभूमि करीब चार वर्ष पुराने एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से जुड़े विवाद से सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक संबंधित युवक मोहर्रम के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था, जहां कुछ लोगों के साथ उसकी कहासुनी और हाथापाई हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कुछ लोग युवक की तलाश करते हुए उसके गांव पहुंच गए, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और उपद्रव, तोड़फोड़ तथा मारपीट की घटनाएं सामने आईं। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इलाके में पुलिस कैंप, प्रशासन की अपील
घटना के बाद बरिऔल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की लगातार गश्त जारी है। प्रशासन ने किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। कमतौल के एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना में शामिल आरोपितों की पहचान की जा रही है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है।