DARBHANGA: दरभंगा में विधान परिषद चुनाव की मतगणना के बीच सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने नाराजगी जताई है। डीएम ने स्पष्ट किया कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना अभी शुरू नहीं हुई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर नतीजों को लेकर दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने ऐसी खबरों को गलत बताते हुए लोगों से आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।


वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सुरेश प्रसाद राय आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 2,574 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. मदन मोहन झा 2,117 वोट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।


जीत के लिए 3,749 वोट का कोटा

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 7,495 मत वैध पाए गए हैं, जबकि 258 मत अवैध घोषित किए गए हैं। जीत के लिए निर्धारित कोटा 3,749 वोट है। अब तक किसी भी प्रत्याशी को निर्धारित कोटा नहीं मिलने के कारण एलिमिनेशन प्रक्रिया के जरिए विजेता का फैसला किया जाएगा। फिलहाल, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना की प्रक्रिया जारी है। अंतिम नतीजे और विजेता की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।