DARBHANGA: बिहार में हम नहीं सुधरेंगे की तर्ज पर शराब तस्कर काम कर रहे हैं, धंधेबाजों के दिल में वर्दी का खौफ खत्म हो गया है, शायद यही कारण है कि तस्कर बेखौफ होकर करोड़ों का माल लाकर बिहार में बेच रहे हैं, इसी क्रम में पुलिस ने दरभंगा से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद किया है। यदि इस पर पुलिस की नजर नहीं पड़ती तो इसे धंधेबाज विभिन्न इलाकों में डिस्ट्रीब्यूट कर चुके होते और शराब के शौकिन लोगों तक यह पहुंच जाता।
दरभंगा जिले में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस को लगातार दूसरी बड़ी सफलता मिली है। कुशेश्वरस्थान और बहेड़ी थाना क्षेत्रों में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य की भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि, दोनों मामलों में चालक और तस्कर मौके से फरार हो गए।
पहली कार्रवाई कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के आसो चौर में की गई, जहां पुलिस ने एक 18 चक्का ट्रक के गुप्त तहखाने से 3,492 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब को जैविक खाद की बोरियों के नीचे छिपाकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
दूसरी कार्रवाई बहेड़ी थाना क्षेत्र के शिवराम गांव के पास हुई। यहां खेत के समीप फंसे एक कंटेनर की तलाशी के दौरान फेवीकोल के सामान की आड़ में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस के पहुंचने से पहले तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि इन मामलों के तार अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
लगातार हुई इन दो बड़ी कार्रवाइयों से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि दरभंगा में सक्रिय संगठित शराब तस्कर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।