Bihar Crime News: दरभंगा के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में रसियारी पुल के नीचे शनिवार को कमला नदी में प्लास्टिक में लिपटा एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव पुल के पिलर के पास पानी में फंसा हुआ था. स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.


सूचना मिलते ही घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने नाव की मदद से नदी में जाकर शव को बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में ले लिया. मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है. शव काफी पुराना होने के कारण डीकंपोज्ड हो चुका है, जिससे उसकी पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो रही है.


हाथ-पैर बंधे होने की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शव को देखने पर ऐसा लग रहा था कि उसके हाथ-पैर बांधे गए थे. इसके बाद उसे साड़ी में लपेटकर ऊपर से प्लास्टिक से बांधा गया था. इसी आधार पर ग्रामीणों ने हत्या के बाद शव को नदी में फेंके जाने की आशंका जताई है. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है.


थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि शव काफी पुराना है और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शरीर फूल गया है. पहली नजर में शव करीब चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत के कारण के बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी.


पुलिस के अनुसार, कमला नदी मधुबनी जिले की ओर से बहते हुए दरभंगा में प्रवेश करती है. इस समय नदी में पानी का बहाव तेज है. ऐसे में यह संभावना भी जताई जा रही है कि शव किसी दूसरे स्थान से पानी में बहकर रसियारी पुल तक पहुंचा हो और पुल के पिलर में फंस गया हो.


पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. शव की पहचान होने के बाद घटना से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं.


स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मो. नसीम ने बताया कि वह प्रखंड मुख्यालय की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पुल के नीचे नदी में पिलर के पास प्लास्टिक में लिपटी एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी. नीचे जाकर देखने पर शव होने की जानकारी हुई. इसके बाद उन्होंने तुरंत घनश्यामपुर थाना पुलिस को सूचना दी.


पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाव के सहारे शव को नदी से बाहर निकलवाया. स्थानीय लोगों ने पुलिस से शव की पहचान कराने और पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है.


रसियारी पंचायत के चौकीदार संतोष पासवान ने बताया कि स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर नदी में शव मिलने की सूचना दी थी. पुलिस के पहुंचने के बाद शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.


पहचान कराने के लिए शव को 72 घंटे तक डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा जाएगा. इस दौरान आसपास के थानों से लापता पुरुषों से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी, ताकि मृतक की पहचान हो सके.