DARBHANGA: बिहार के दरभंगा जिले के नगर थाना क्षेत्र में खाने के बकाया पैसे की मांगने को लेकर होटल मालिक के साथ मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि एक ग्राहक करीब 20 लोगों के साथ अचानक होटल में पहुंचा और होटल के मालिक सुमित झा के साथ मारपीट करने लगा। लाठी-डंडे से पिटाई की गयी और कुर्सियों को फेंका गया। घटना की तस्वीर होटल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी है। जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना सर्वे दफ्तर के पास स्थित एक होटल की बताई जा रही है। वायरल CCTV फुटेज में एक व्यक्ति सुमित झा पर डंडे से हमला करता दिखाई दे रहा है। सुमित खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है। ग्राहक के साथ दर्जनों लोग होटल में घुसते हैं और उसके साथ मारपीट करने लगते हैं। CCTV फुटेज में कुछ लोग लाठी-डंडे और कुछ लोग होटल की कुर्सियों से सुमित की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान होटल में मौजूद दो महिला कर्मचारी हमलावरों को रोकने की कोशिश करती हैं, लेकिन भीड़ लगातार मारपीट करती रहती है।
3100 रुपये से अधिक के बिल को लेकर विवाद
मारपीट में घायल सुमित झा का इलाज DMCH में कराया गया है। उनके सिर और हाथ में चोट लगी है और घाव पर टांके लगाए गए हैं।
सुमित के अनुसार, करीब चार दिन पहले लगभग आठ लोग उनके होटल में खाना खाने आए थे। उनका बिल 3100 रुपये से अधिक था, लेकिन वे बिना भुगतान किए चले गए। उस समय सुमित होटल में मौजूद नहीं थे। उनका आरोप है कि उन लोगों ने होटल के कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी की थी।
सुमित ने बताया कि बकाया राशि के भुगतान के लिए उन्होंने संबंधित लोगों से संपर्क करने की कोशिश की। बाद में उनसे अकाउंट नंबर मांगा गया और पैसे देने की बात कही गई। इसके बाद भी भुगतान नहीं हुआ और बाद में दूसरे दिन आकर पैसे देने की बात कही गई।
पहले बकाया भुगतान किया, फिर हुआ विवाद
सुमित का कहना है कि 30 सितंबर की शाम करीब सात बजे करीब 20 लोग होटल पहुंचे। उनके अनुसार, लोगों के हाथ में लोहे के डंडे और चाकू जैसे हथियार थे। आरोप है कि इसके बाद अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
सुमित के मुताबिक, हमलावरों ने उस दिन होटल का पुराना बकाया भुगतान कर दिया था। साथ ही होटल स्टाफ के साथ हुई कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करने को कहा था।
सुमित ने बताया कि उन्होंने घटना का एक छोटा वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया। आरोप है कि वीडियो हटाने के बावजूद शाम को लोग दोबारा होटल पहुंचे और उनके साथ मारपीट की।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद सुमित झा ने नगर थाना में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने होटल में लगे CCTV फुटेज को भी देखा है।
दरभंगा के सदर SDPO एस.के. सुमन ने बताया कि CCTV फुटेज में दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। एक पक्ष की ओर से नगर थाना में लिखित शिकायत दी गई है।
SDPO ने कहा कि CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट की शुरुआत कैसे हुई और घटना में शामिल लोगों की क्या भूमिका रही। फिलहाल मामले की जांच जारी है।