DARBHANGA: बिहार के दरभंगा में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में घायल हुए होमगार्ड जवान सुमित कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। नई-नई सरकारी नौकरी मिलने के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे सुमित की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।


मिली जानकारी के अनुसार, सिमरी थाना क्षेत्र स्थित वृहद आश्रम में तैनात होमगार्ड जवान सुमित कुमार यादव भोजन करने के लिए होटल जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुमित को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


मृतक सुमित कुमार यादव कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के मरकही गांव के रहने वाले थे। कुछ समय पहले ही उनकी होमगार्ड में बहाली हुई थी। पिता का पहले ही निधन हो चुका था और सुमित ही परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से वृद्ध मां, भाई और बहन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पोस्टमार्टम के बाद सुमित का पार्थिव शरीर बिहार गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय लाया गया। यहां वरीय जिला समादेष्टा मोहम्मद फैज अहमद समेत अधिकारियों और जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी।


विभाग की ओर से मृतक जवान के आश्रितों को ₹4 लाख की अनुग्रह राशि देने, वैध आश्रित को अनुकंपा के आधार पर होमगार्ड में नामांकन, पत्नी अथवा वैध उत्तराधिकारी को पेंशन सहित अन्य विभागीय लाभ देने की घोषणा की गई है।युवा होमगार्ड जवान की सड़क हादसे में हुई मौत से पूरे होमगार्ड विभाग और इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों ने सरकार से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।